मथुरा। शुक्रवार को कृष्णानगर चौराहे के व्यस्ततम बाजार में खड़ी कार से बाइक सवार शीशा तोड़कर रखे ब्रीफकेस को लेकर फरार हो गए। दिल्ली के व्यापारी से हुई लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। ब्रीफकेस में नकदी, चेकबुक, रजिस्ट्री और जरूरी कागजात थे। सूचना पर भी कृष्णानगर पुलिस नहीं पहुंची। दिल्ली के शाहदरा निवासी अनिल भाटिया पुत्र लक्ष्मण कुमार भाटिया फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के लिए मथुरा आए। शुक्रवार को रास्ते में कृष्णानगर चौराहे पर सड़क किनारे कार को खड़ा करने के बाद नाश्ता करने के लिए चले गए। लौटकर आए तो कार के बायीं तरफ का पिछला शीशा टूटा हुआ था, उसमें रखा ब्रीफकेस न पाकर उसके होश उड़ गए। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि ब्रीफकेस में 15 हजार की नकदी, फ्लैट की रजिस्ट्री, चेकबुक, पासबुक, क्रेडिट, डेविड कार्ड थे। आसपास के दुकानदारों ने दो बाइक सवारों को शीशा तोड़कर ब्रीफकेस निकालते देखने पर टोका। जब तक दो युवक फरार हो गए। सूचना पर भी पुलिस नहीं पहुंची। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित व्यापारी का मुकद्दमा दर्ज नहीं हो सका। चौकी प्रभारी मदन सिंह का कहना है कि पीड़ित आएगा तो मुकद्दमा दर्ज किया जाएगा।