फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। आईटीआई कॉलेज टापू बन गया है। कॉलेज के चारों तरफ और कैंपस में पानी भरा है। इसके चलते छात्र-छात्राओं को कॉलेज में पहुंचने में परेशानी हो रही है। सोमवार को छात्रों को कॉलेज में घुसने के लिए जूते और चप्पल हाथ में उठाने पड़े। इसी से गुस्साए छात्र-छात्राओं ने एकत्र होकर कॉलेज गेट पर जमकर नारेबाजी करते हुए जलभराव समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
स्वामी नगर से आगे नहर के किनारे आईटीआई कॉलेज है। जल निकासी के लिए पालिका ने नाले का निर्माण कराया गया, लेकिन अधूरा छोड़ दिया। इसके चलते स्वामी नगर का पानी कॉलेज से पहले खाली जगह में भर जाता है। दो दिन पूर्व हुई तेज बारिश से स्वामी नगर का पानी कॉलेज परिसर और उसके आसपास भर गया। गंदा पानी एकत्र होने से स्थानीय लोगों के अलावा कॉलेज प्रशासन और छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को जब छात्र स्कूल पहुंचे तो उन्हें कॉलेज में चप्पल और जूता हाथ में लेकर कॉलेज में घुसना पड़ा। इसी से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट पर एकत्रित होकर नगर पालिका, प्रशासन और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में भरे पानी को अबिलंब निकलवाये जाने की मांग की है। छात्रों ने कॉलेज में शिक्षकों की कमी का आरोप लगाया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार जैन ने कहा स्वामी नगर का पानी भरा रहता है। तेज बारिश और मोहल्ले का पानी आने से जलभराव है। कई बार नगर पालिका से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।