फिरोजाबाद (एका)। शिक्षक दिवस समारोह में शामिल होने के लिए स्कूल गई छात्रा इसी स्कूल की बस के पहिए के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए परिजन उसे आगरा ले गए। यहां उसकी मौत हो गई। घटनाक्रम मंगलवार शाम का है।
राजपुर निवासी प्रदीप कुमार की पांच वर्षीय बेटी सोनम कसबा स्थित पब्लिक स्कूल में पढ़ने जाती है। मंगलवार को शिक्षक दिवस का कार्यक्रम होने के कारण वह शामिल होने के लिए बस से ही गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बस उसे छोड़ने को गांव आई थी। छात्रा जैसे ही बस से उतरी तभी चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया।
इसके कारण सोनम बस के पिछले पहिए के नीचे आने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा के घायल होने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन छात्रा को उपचार के लिए पहले एका स्थित अस्पताल ले गए।लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा रेफर कर दिया।
आगरा में उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अभिभावकों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि बच्चों को लेने के लिए आने वाली बस में परिचालक की कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है।बस में यदि कंडेक्टर साथ होता को शायद यह हादसा नहीं होता। थाना प्रभारी का कहना है कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी।