जैंत/राधाकुंड (मथुरा)। जिले में तीन स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। हंसारानीघाट के समीप महिला का शव मिला। गांव बढ़ौंत के बंबे में युवक और राधाकुंड-छटीकरा मार्ग पर साधु वेशधारी व्यक्ति का शव मिला। तीनों की शिनाख्त नहीं हो सकी।
थाना गोविंदनगर क्षेत्र के हंसारानी घाट के समीप टापू पर वृद्धा का शव मिला। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 65 वर्ष प्रतीत हो रही है। आसमानी रंग की छींटेदार साड़ी और हरे रंग का ब्लाउज मृतका के शरीर पर है। एक सप्ताह पुराने प्रतीत हो रहे शव को जानवरों ने नोचा भी।
जैंत चौकी क्षेत्र के गांव बढ़ौता बंबे में युवक का शव मिला। चौकी प्रभारी अरविंद पाठक ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 38 होगी। करीब 25 दिन पुराने प्रतीत हो रहे शव पर केवल काली रंग की जींस की पैंट मिली है।
उधर, राधाकुंड-छटीकरा मार्ग स्थित बगीचे में एक साधु वेशधारी का शव मिला। राधाकुंड चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि साधु के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे कि उसकी शिनाख्त हो सके। समाज के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया। जबकि अज्ञात शव मिलने के 72 घंटे के बाद ही अंतिम संस्कार होना चाहिए। चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि साधु का क्षेत्रीय लोगों ने अंतिम संस्कार कर दिया।