जसराना (फिरोजाबाद)। थाना जसराना में मारपीट में घायल हुए व्यक्ति एवं उसकी पुत्री का सरकारी अस्पताल में तीन घंटे तक मेडिकल नहीं हो सका। प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण वह अस्पताल से चला गया। अस्पताल से गायब होने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया।
क ौरारा बुजुर्ग निवासी रुक्मपाल सिंह पुत्र शोभाराम का गांव के ही रामू, पंजाबी, पंछी, शिवशंकर पुत्रगण इंद्रपाल सिंह से विवाद हो गया। विवाद के बाद उक्त लोगों ने उसकी एवं उसकी बेटी बेबी की पिटाई लगा दी। घायल होने पर बाप-बेटी थाने पहुंचे। रुक्मपाल ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं मेडिकल कराने की गुहार लगाई। पुलिस ने होमगार्ड उदयवीर सिंह को उसके साथ सरकारी अस्पताल मेडिकल के लिए भेज दिया। सुबह नौ बजे पहुंचे घायल को मेडिकल 12 बजे तक नहीं हो सका। परेशान होकर रुक्मपाल घर चला गया। रुक्मपाल के गायब होने पर उदयवीर ने परेशान होकर पुलिस को अवगत कराया।
अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक
विधायक राम गोपाल लोधी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर खामियों पर स्वास्थ्य अधिकारियों से नाराजगी जताई। अस्पताल की दुर्दशा देखकर विधायक दंग रह गए। विधायक से नगला मरदान की महिला मिथलेश ने शिकायत की कि मांगने के बाद भी उसे पेट दर्द की दवा नहीं दी गई उसे मेडिकल से दवा लेनी पड़ी। विधायक ने पूरे मामले से सीएमओ को अवगत करा कार्रवाई करने को कहा। वहीं अधीक्षक से कार्य में सुधार लाने को कहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. कुलदीप तोमर ने कहा कि जाजूमई के कैंप में डाक्टर एवं अस्पताल का स्टाफ मौजूद था, इसीलिए मेडिकल नहीं हो पाया।