पुलिस हिरासत में इनामी बर्खास्त सिपाही और उसके साथी
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस के बदमाश बर्खास्त सिपाही विनोद जाट ने सोमवार को दयालबाग में कालेज प्रबंधक मुनीष कुमार गौतम के घर में घुसकर हमला बोला। उन पर दो फायर किए। इसमें प्रबंधक बच गए। कालोनी के लोगों के जुटने पर आरोपी भागने लगे। सूचना पर पुलिस आ गई। पुलिस ने घेराबंदी करके सात आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें विनोद जाट भी शामिल है। इनके पास से तमंचे और कारतूस बरामद किए। दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उमा विहार, दयालबाग निवासी मुनीश कुमार गौतम विसावर, सादाबाद (हाथरस) में एचपी सिंह कृषि इंटर कालेज के प्रबंधक हैं। उनका आरोप है कि कालेज प्रबंधक का पद छोड़ने के लिए उन्हें कई बार धमकी मिल चुकी हैं। इस संबंध में हाथरस पुलिस को जानकारी दी थी।
सोमवार दोपहर तकरीबन 2.50 बजे वह घर में बैठे हुए थे। तभी बिना नंबर की टीयूवी और वैगनआर कार से सात-आठ लोग आ गए। एक ने खुद को विनोद जाट बताया। एक का परिचय अजीत के रूप में दिया।
इसके बाद हथियार निकालकर एक के बाद एक दो फायर किए। इसमें मुनीश कुमार गौतम बाल-बाल बच गए। इससे घर में अफरातफरी मच गई। आरोपी प्रबंधक पद नहीं छोड़ने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। फायरिंग की आवाज सुनकर कालोनी के लोग जुट गए। इस पर गाड़ियों से भागने लगे।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी करके सात आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें विनोद जाट भी शामिल है। कालेज प्रबंधक की तहरीर पर बलवा, चौथ मांगने, घर में घुसकर जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
मुनीश कुमार गौतम मूलरूप से विसावर, हाथरस के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वह अगस्त 2018 के चुनाव में कालेज प्रबंधक चुने गए थे। कालेज में पूर्व में गांव के ही एक व्यक्ति प्रबंधक थे। मगर, वह चुनाव हार गए। उनका भतीजा अजीत है। वह उनको पद छोड़ने के लिए लगातार धमकी दे रहा है। वह विनोद जाट का दोस्त है। 15 अगस्त 2018 को कार्यक्रम नहीं करने की धमकी दी थी। तब उन्होंने पुलिस अधिकारियों सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत की थी।
इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा अजय कौशल ने बताया कि विनोद जाट निवासी गांव महामुनी, मुरसान, अलीगढ़ पर 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हो चुका है।
हाल में झांसी के व्यापारी को अगवा कर करोड़ों की फिरौती मांगने में उसका नाम सामने आया था। वह बर्खास्त सिपाही है। उसे हाथरस पुलिस ने जेल भेजा था। वह अजय जडेजा गैंग का सदस्य है।
विनोद के साथ ही संतोष निवासी हाथरस, राजू चाहर निवासी कागारौल, विष्णु कुमार सिंह निवासी नेहरू नगर, हर्ष गौतम, उमा निवासी गांव कचौरा (अछनेरा), महेश चौधरी निवासी दरगवां (हाथरस) हैं। उनके पास से छह तमंचे और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। उनके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक कालेज प्रबंधक की ओर से, दूसरा पुलिस मुठभेड़ का दर्ज किया गया है।