करहल। बच्चों की देखभाल में लापरवाही भारी पड़ सकती है। शनिवार को जहां बेवर क्षेत्र में टॉफी निगलने से चार माह की बच्ची की मौत का मामला सामने आया था वहीं अब करहल में पांच साल के बच्चे के चुंबक निगलने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि डॉक्टरों की देख-रेख में 36 घंटे बाद मल के रास्ते चुंबक बाहर निकल गई।
कस्बा के मोहल्ला काजी निवासी पांच वर्षीय बालक हर्ष जैन ने धोखे से शुक्रवार की शाम चुंबक निगल ली। इसकी जानकारी माता-पिता को हुई तो उनके होश उड़ गए। बच्चे को आनन-फानन जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां चिकित्सकों के परामर्श और दवा देने के बाद 36 घंटे बाद मल के रास्ते चुंबक निकली। 36 घंटे तक बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर परिवार के लोग परेशान रहे। चुंबक निकलने के बाद परिजन ने राहत की सांस ली।