पटियाली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम, एसपी व अन्य अधिक
कासगंज। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।पटियाली तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापरक एवं निष्पक्ष निस्तारण ही शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्राप्त प्रार्थना पत्रों को शीघ्रता से निस्तारित करना सुनिश्चित करें। इस दौरान 49 प्रार्थना प्रत्र प्राप्त हुए जिनमें से 4 प्रार्थना पत्रों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया।जिलाधिकारी के समक्ष अधिक धनराशि के बिजली के बिल आने, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन न मिलने, राशन कार्ड बनवाने, भूमि की पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटवाने, राजस्व, भूमि विवाद, उत्पीड़न, आपसी विवाद आदि से संबंधित प्रार्थना पत्र पहुंचे। इस दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. राजीव अग्रवाल, उपजिलाधिकारी पटियाली प्रदीप कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले की सदर तहसील व सहावर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी सचिन एवं संबंधित उप जिलाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनी।