आगरा में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद के लिए तैयारियों समीक्षा की। इस बार सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है। खरीद के लिए जिले में 47 केंद्र खुलेंगे।
जिलाधिकारी ने गेहूं खरीद में लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए पोर्टल पर आधार और भूमि विवरण के साथ पंजीकरण कराना अनिवार्य है। एक हेक्टेयर से कम भूमि वाले किसानों का सत्यापन लेखपाल, 1 से 3 हेक्टेयर का तहसीलदार और 5 हेक्टेयर से अधिक का सत्यापन एडीएम करेंगे। जिले में कुल 621.803 हजार मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान है। गेहूं खरीद के लिए कुल 47 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें खाद्य विभाग के 12 और पीसीएफ के 34 केंद्र शामिल हैं। केंद्र सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खुलेंगे। डीएम ने केंद्रों की तत्काल जियो-टैगिंग और ई-उपार्जन पोर्टल पर फीडिंग के निर्देश दिए।
शिकायत पर बदले जाएंगे केंद्र प्रभारी
बाजरा खरीद में मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने दागी प्रभारियों को हटाने और टोकन व्यवस्था में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। केंद्रों पर छाया, पेयजल और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।