जिले के तकरीबन 427 गांव और मजरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तकरीबन 300 करोड़ रुपये की योजना पर काम शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार जिले में प्राथमिकता के आधार पर लगभग 273 पानी की टंकियों का निर्माण कराएगी। इन टंकियों में पानी पहुंचाने के लिए गहरी बोरिंग की जाएगी। ताकि मीठा और फ्लोराइड रहित पानी मिल सके। यह जानकारी केबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह ने रविवार को भदावर हाउस में पत्रकारों की दी।
उन्होंने बताया कि जिले में अधिकांश स्थानों पर फ्लोराइड युक्त और खारे पानी होने की समस्या है। इससे लोग बीमारियाें का शिकार हो रहे हैं। किसी गांव में यदि शुद्ध पानी नहीं मिलता है तो आसपास के गांवों में मीठे पानी की तलाश कर वहां से पाइप लाइन के जरिए टंकी तक पानी पहुंचाया जाएगा। इस योजना पर जल निगम ने कार्य शुरू कर दिया है। जिले में सर्वे किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की इस योजना के अंतर्गत उन गांवों को भी शामिल किया जाएगा जिनमें टीटीएसपी बनी हैं और हैंडपंप योजना से भी आच्छादित हैं।
इनबाक्स....
आंख मूंद बनी थी टीटीएसपी योजना
आगरा। कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह का कहना है कि टीटीएसपी योजना प्रदेश भर में फेल हो चुकी है। हैंडपंप भी कारगर नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीटीएसपी योजना आंख बंद करके बनाई गई थी, इससे जनता का भला नहीं हुआ और बड़ी धनराशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। इस घोटाले की सीएजी भी जांच कर रही है।