गोवर्धन (मथुरा)। कस्बे की बड़ी हवेली कालोनी में पेयजल की भीषण किल्लत व्याप्त है। यहां के 70 से 80 घरों में पानी की आपूर्ति टैंकर द्वारा होती है। गर्मी के चलते पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। दो दिन में पानी का टैंकर दो बार आता है। पुरानी भूमिगत पाइप लाइन खराब हो चुकी है, जबकि नई पाइप लाइन का काम पूरा नहीं हुआ है। जमीन का पानी खारा है।
हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। कालोनी की महिलाएं बर्तनों को लेकर पानी भरने के इंतजार में रहती हैं। टैंकर लेकर आए नगर पंचायत कर्मी दीवान सिंह ने बताया कि दो दिन में दो टैंकर पानी भर कर लाते हैं। अन्य जगहों पर भी पानी पहुंचाते हैं। कालोनी के चंद्र प्रकाश का कहना है कि गर्मी में पानी की मांग बढ़ गई है।
बड़ी हवेली में 20 वर्ष से पेयजल की समस्या
कस्बा की बड़ी हवेली कालोनी में रहने वाले लोगों के बताया कि यहां 20 वर्ष से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। स्थायी समाधान नहीं हुआ है। पुरानी पेयजल की लाइन के खराब होने से बाहर पाइप डाली गई, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ है। किरन ने बताया कि यहां स्थायी टंकी की व्यवस्था होनी चाहिए। मीना देवी ने बताया कि टैंकर से आने वाला पानी चरणामृत की तरह बंट जाता है। अगर पानी की लाइन नहीं है तो दिन में दो बार टैंकर आने चाहिए। महेश चंद का कहना है कि 20 वर्ष से पानी का संकट है।