एटा। अलीगंज में लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण कराना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती है। जिले में सबसे ज्यादा क्रिटिकल मतदान केंद्र अलीगंज क्षेत्र में हैं। वहीं जिले में दूसरे नंबर पर जलेसर विधानसभा क्षेत्र है।
जिले में दूसरे चरण के मतदान के लिए पड़ने वाले वोटों की शुरुआत जलेसर क्षेत्र से होगी। इस क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। बता दें कि जलेसर विधानसभा क्षेत्र में 75 संवेदनशील मतदान केंद्र है। इनके साथ-साथ अन्य मतदान स्थल पर भी पुलिस प्रशासन को कड़ी चौकसी रखनी पड़ेगी। वहीं सबसे ज्यादा चुनौती पुलिस प्रशासन के लिए अलीगंज क्षेत्र का होगा। अलीगंज क्षेत्र में सबसे ज्यादा 100 संवेदनशील मतदान केंद्र है। सदर और मारहरा क्षेत्र में 50-50 मतदान केंद्र पुलिस के लिए अधिक सुरक्षा वाले है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए पूरे इंतजाम किए है। अधिकारियों की मानें तो जलेसर क्षेत्र में सात कंपनी और अलीगंज क्षेत्र में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए नौ कंपनी अर्द्धसैनिक बल को तैनात करने की तैयारी की है। इसके अलावा पुलिस और पीएसी बल को भी भारी संख्या में मतदान केंद्रों पर तैनात करने का खाका तैयार किया है।