मथुरा। अमर उजाला की शत प्रतिशत मतदान मुहिम के अंतर्गत 15 अप्रैल को होने वाले वॉक फॉर वोट में पचास से भी ज्यादा संगठन हिस्सा ले रहे हैं। कई कालेजों के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। टैंक चौराहे से होलीगेट तक आयोजन होना है। वहीं किसान भी बड़ी संख्या में इस मुहिम में शामिल हो रहे हैं।
कोई भी वोट डालने से न रह जाए। इसके लिए अमर उजाला ने मुहिम शुरू की है। मोहल्ले और कस्बों में वोटरों को शपथ दिलाई जा रही है। सभी से कहा जा रहा है कि पहले वोट डालें और उसके बाद कोई दूसरा काम करें। इस मुहिम का जिले भर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
15 अप्रैल को अमर उजाला वॉक फॉर वोट का आयोजन कर रहा है। होलीगेट से टैंक चौराहे तक वॉक होनी है। इसके लिए शहर में माहौल बनने लगा है। अभी तक पचास से भी ज्यादा संगठन जुड़ गए हैं।
कई संगठनों ने मीटिंग करके बड़ी संख्या में टैंक चौराहे पर पहुंचने की अपील की है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा कि इस मुहिम में किसान बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। सुबह को ही किसान पहुंच जाएंगे।