मैनपुरी-बिछवां। क्षेत्र से गुजरने वाली बेवर शाखा नहर में पानी न आने से क्षेत्र के किसान परेशान हैं। बिना पानी के उनकी फसलें सूखने लगी हैं। किसानों ने डीएम से नहर में पानी छुड़वाने की मांग की है । क्षेत्र में अधिकतर किसानों की सिंचाई के लिए नहर ही एक मात्र सहारा है। लगभग 80 फीसदी किसानों की फसल की सिंचाई नहर से ही होती है। इस समय किसानों की गेहूं की फसल पानी के लिए तैयार खडी़ है। क्षेत्र से गुजरने वाली नहर में अभी तक पानी नहीं छोडा़ गया है।
कुंजलपुर निवासी विपिन चौहान का कहना है जिन किसानों के खेतों के पास निजी बोरिंग की व्यवस्था है उन्होंने फसलों की सिंचाई शुरू कर दी है। अधिकतर किसानों के खेत नहर के किनारे हैं और उन खेतों की सिंचाई के लिए नहर के पानी के अलावा और कोई दूसरा साधन नहीं है। नहर में पानी न आने से किसान परेशान हैं। किसान विकास चौहान, लालाराम, सोनेलाल, बीरेश बावू, रामौतार, सहदेव सिंह, विनोद कुमार, हरीबावू, रामपाल का कहना है जैली, जिरौली, खिरिया, तिसौली, बिछवां, औरंध, सहारा, तेजपुरा, इमायदपुर, नगला सेंमर, नगला कोठी, नगला मिसुर, देवगंज, जरामई की खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने डीएम से नहर में पानी छुड़वाए जाने की मांग की है।