मथुरा। महानगर के ध्रुवघाट स्थित रेलवे पुल से किशोरी ने यमुना में छलांग लगा दी। पीछे से गोताखोर युवक उसे बचाने के लिए यमुना में कूदा, लेकिन बैरंग ही वापस आ गया। पिता की डांट से क्षुब्ध होकर किशोरी ने ऐसा कदम उठाया। पुलिस की देखरेख में गोताखोरों ने घंटों किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
कोतवाली के सुभाष इंटर कालेज के पीछे ध्रुवघाट निवासी कंचन (16) पुत्री अशोक शर्मा ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर रेलवे पुल से यमुना में छलांग लगा दी। कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि लगातार मोबाइल पर फिल्म देखने पर पिता ने बेटी को डांट दिया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने ऐसा कदम उठाया। पिता यजमानी का काम करता है और मृतका की मां की मौत कई साल पहले हो चुकी है। मृतका की बड़ी बहन का विवाह हो चुका है।