एटा। अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल में मची मारामारी को कम करने के लिए टोकन सिस्टम शुरू किया गया है। गंभीर बीमारी के मरीजों को छोड़कर सभी का टोकन के माध्यम से अल्ट्रासाउंड किया जाएगा। इसके लिए सीएमएस ने नये दिशा निर्देश जारी किए हैं।
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने वाले की भारी भीड़ और मारामारी के मद्देनजर व्यवस्था में आंशिक बदलाव किए गए हैं। अभी तक मरीजों की भीड़ अल्ट्रासाउंड के लिए लग जाती है और समय खत्म होने के बाद कई मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ता है। ऐसे कई बार जद्दोजहद पर मरीजों की कर्मचारियों के साथ नोकझोंक भी हो चुकी है। इन परेशानियों को कम करने के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है। अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीज को कमरा नंबर-9 में बैठे कर्मचारी टोकन देंगे और टोकन के साथ ही दिन, तिथि और समय दिया जाएगा। समय पर पहुंचने वाले मरीज का टोकन के आधार पर अल्ट्रासाउंड कर दिया जाएगा।
अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीजों की लंबी लाइन में लगने के बाद लौटने की शिकायत मिलती थी। इसके मद्देनजर टोकन व्यवस्था लागू की गई है।
डा. प्रदीप गुप्ता, सीएमएस