फिरोजाबाद। आरएसएस के महानगर पर्यावरण प्रमुख संदीप शर्मा (32) की हत्या के मामले में चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की गई है। लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज कोटला रोड को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे।
एडीएम अतुल सिंह ने मृतक की पत्नी को श्रम विभाग में संविदा पर नौकरी, परिवार कल्याण व किसान दुर्घटना बीमा, गांव में भूमि दिलाने के आश्वासन पर परिजन माने। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद कोटला रोड स्थित आवास पर ले गए यहां से गांव में अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरएसएस महानगर पर्यावरण प्रमुख संदीप शर्मा (32) की मंगलवार देर रात कोटला रोड पवन मेडिकल के पास बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या को लेकर आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी गुस्सा है। देर रात शव उठाने को लेकर परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हो गई।
आक्रोशित लोगों ने एसएसपी और चौकी प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी की। रात करीब 12 बजे आगरा जोन के आईजी राजा श्रीवास्तव और डीएम नेहा शर्मा कोटला रोड स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस में जाकर शव देखा।
अधिकारियों ने नगर विधायक मनीष असीजा और मृतक के परिजनों से बात की। नगर विधायक ने कहा कि कार्यकर्ता काफी सीधा था, परिवार की स्थिति दयनीय है। उन्होंने हत्यारों को शीघ्र पकड़ने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की मांग की। आईजी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 48 घंटे का समय मांगा।
कुछ लोगों ने पैगू में 15 बीघा भूमि, 20 लाख रुपये सहायता की बात रखी। डीएम नेहा शर्मा ने किसान दुर्घटना बीमा, परिवार कल्याण, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने का भरोसा दिया। बुधवार सुबह आक्रोशित परिजनों ने पुलिस फोर्स के खिलाफ नारेबाजी व हंगामा किया। अस्पताल में पहुंचकर एडीएम अतुल सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसपी देहात महेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह, सीओ सिटी डा. अरुण कुमार सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि जो कहा है वह होकर रहेगा।
मृतक की पत्नी को संविदा पर श्रम विभाग में नौकरी दिलाने के आश्वासन पर परिजन माने। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पहले कोटला रोड दयाल नगर स्थित आवास पर ले गए यहां से निकाऊ स्थित गांव पहुंचा। यहां परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।