गंगा दशहरा पर यमुना स्नान करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। गंगा दशहरा पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र यमुना में डुबकी लगाई और आचमन किया। उनके द्वारा यमुना जी की पूजा-अर्चना कर दान पुण्य किया गया और मनोकामना के लिए प्रार्थना की गई। स्नान पर्व पर शहर मेें जगह-जगह मीठे और सादा जल की प्याऊ लगाई गईं। सड़क किनारे लगे भंडारों में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सुबह चार बजे से लोग यमुना के पवित्र विश्रामघाट, स्वामी घाट तथा आसपास के अन्य घाटों पर स्नान के लिए पहुंच गए। जैसे-जैसे सुबह होती गई यमुना में स्नान करने वालों की संख्या बढ़ गई। यमुना के दोनों और श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाई।
विश्राम घाट के अलावा स्वामी घाट तथा यमुना के दूसरी और भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर दान कर पुण्य लाभ कमाया। इस दौरान नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गईं।
गंदे पानी का ही किया आचमन
भले ही नगर निगम यमुना की सफाई के तमाम दावे करे लेकिन श्रद्धालुओं ने कीड़ा युक्त पानी का ही आचमन किया। प्रशासन द्वारा दावा किया जा रहा था कि ऊपर से पर्याप्त गंगाजल छोड़ा जा रहा है लेकिन यह गंगाजल यमुना में स्नान करते तक पूरी मात्रा में नहीं पहुंच सका जिसके चलते श्रद्धालुओं ने गंदे पानी में ही डुबकी लगाई और गंदे यमुनाजल का ही आचमन लिया।
मशीन पी गई लाखों का डीजल
नमामि गंगे योजना के तहत यमुना की सफाई के लिए मंगाई गई मशीन विगत करीब 20 दिन से यमुना में सफाई कर रही है। इस पर प्रतिदिन हजारों रुपये खर्च होते हैं। मशीन का संचालन निगम द्वारा कराया जा रहा है। इसके बाद भी यमुना की सफाई नहीं हो सकी।