पटियाली इलाके में चल रहे अवैध खनन के खेल का एक ऑडियो वायरल होने से भंडाफोड़ हो गया। पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा ने खनन माफियाओं से सांठगांठ होने पर पटियाली के कोतवाली निरीक्षक दुष्यंत कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
गुरुवार को दोपहर के समय व्हाट्सअप ग्रुपों पर ऑडियो वायरल हुआ। फैजान नाम के युवक ने इंस्पेक्टर को फोन करके अपने बालू के ट्रैक्टर भरने की इजाजत मांगी। इस पर वार्ता के मुताबिक कोतवाली निरीक्षक ने फैजान को अनुमति दे दी। साथ ही यह भी हिदायत दी कि रात्रि के समय ट्रैक्टर न निकालें। क्योंकि रात्रि में अधिकारी स्वयं चेकिंग कर रहे हैं। इसलिए अपना काम दिन में ही करें। ऑडियो क्लिप में इसी तरह से खनन कार्य में लगे अन्य लोगों के बारे में कोतवाली निरीक्षक ने फैजान से जानकारी ली कि किस-किस का काम चल रहा है और किस-किस का बंद है। पूरी बातचीत का ऑडियो वायरल होने से पटियाली पुलिस में खलबली मच गई। यह ऑडियो पुलिस अधीक्षक ने सुना और मामले में जरूरी जांच पड़ताल कराई। इसके पश्चात कोतवाली निरीक्षक को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वह सभी कोतवाली निरीक्षकों को एक बार स्पष्ट रूप से चेतावनी दे चुके हैं कि वे ईमानदारी के साथ कार्य करें, लेकिन चेतावनी के बाद भी इस तरह का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि वे किसी कीमत पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे।