मैनपुरी। बाइक को बचाने के चक्कर में करहल से एटा जा रही बोलेरो पलट गई। इससे कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे में ड्राइवर की हालत गंभीर है। घायलों को सैफई भेजा गया है। वहीं एक बच्चे को एंबुलेंस जिला अस्पताल लेकर गई।
एटा के गांव खड़ऊआ निवासी नरेश की पुत्री की शादी करहल के गांव रतिभानपुर निवासी बेटेलाल के पुत्र रवि के साथ तय हुई थी। लड़की पक्ष के लोग शुक्रवार शाम को चौथी चलाकर एटा वापस जा रहे थे।
रास्ते में नगला बांक के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो पलट गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। हादसे में पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को सैफई भेजा गया है। जबकि एक बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में ड्राइवर विमलेश सहित फूल सिंह, दीपांश, काव्या और रजनी निवासीगण खड़ऊआ जिला एटा शामिल हैं।