मैनपुरी। आसरा आवास योजना के लाभार्थी डूडा कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। आलम यह है कि सोमवार को लगभग दो सौ लोग आवासों की चाबी लेने के लिए कार्यालय में पहुंचे। सभी लाभार्थियों को कार्रवाई पूरी होने के बाद सूचित करने की बात कही गई है। वहीं, विभाग का कहना है कि आवंटन के बाद आवासों की मरम्मत की जाएगी। इसके बाद लाभार्थियों को चाबी दी जाएगी।
लंबे समय के इंतजार के बाद 13 अप्रैल को आसरा आवासों का आवंटन किया गया। इसके बाद शनिवार और रविवार को दो दिनों का अवकाश पड़ गया। सोमवार को जैसे ही डूडा कार्यालय खुला तो लोगों का आवागमन शुरू हो गया। इस दौरान लोग आवास की चाबी मांगने लगे। उनका कहना था कि जब आवंटन हो गया है तो हमें चाबी मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले लोगों ने आवासों में अपना सामान रखकर ताला भी डाल दिया है, लेकिन उन्हें आवास की चाबी नहीं दी गई है। हालांकि सभी लोगों को कार्रवाई पूरी होने के बाद आवास दिए जाने की बात कही गई है।