टाउनशिप (मथुरा)। बिटूमिन ट्रांसपोर्टर की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। रिफाइनरी के आसपास खड़े ट्रकों का पहिया तक नहीं हिला। इस स्थिति को देख बिटूमिन ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन से वार्ता को आए आईओसी मार्केटिंग के अफसरों को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। इससे बिटूमिन की आपूर्ति पूरी तरह से ठप है।
बिटूमिन ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन दो दिन से हड़ताल पर है। उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा को दी जाने वाली बिटूमिन की आपूर्ति रोक दी है। ट्रक बिटूमिन प्लांट और मथुरा रिफाइनरी के आसपास ही खड़े कर दिए हैं। यह हड़ताल बिटूमिन ट्रांसपोर्टर ने प्लांट मैनेजर की कार्य शैली और घटतौली को लेकर की है। एसोसिएशन पदाधिकारियों की मांग है कि बिटूमिन की तोल में पारदर्शिता बरती जाए।
ट्रकों की एंट्री का समय भी बढ़ाया जाए। प्लांट मैनेजर के व्यवहार में सुधार के निर्देश जारी किए जाए। इस हड़ताल से आईओसी द्वारा की जाने वाली करीब 40 करोड़ रुपये बिटूमिन की आपूर्ति प्रभावित हो चुकी है। इस स्थिति को देख शुक्रवार को महाप्रबंधक बीसी जोशी के साथ वार्ता हुई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष रामबाबू सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, दिनेश गर्ग, पंकज सिंघल, अजय माहेश्वरी, अशोक अग्रवाल, पवन शर्मा, केवी दीक्षित, टीटू दीक्षित, परशुराम शर्मा, वीरेंद्र वर्मा, रामस्वरूप मौजूद रहे।