मैनपुरी। नवीन मंडी के आढ़ती से हुई लूट का खुलासा नहीं होने से आढ़तियों तथा व्यापारियों ने दूसरे दिन भी अनशन किया। लूट का खुलासा करके आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। खुलासा नहीं होने तक क्रमिक अनशन जारी रखने का निर्णय लिया।
मंडी के आढ़ती केशव सिंह के साथ हुई लूट में आढ़ती तथा व्यापारी पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं। शुक्रवार को फूडग्रेन कमीशन एजेंट एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने नवीन मंडी में दूसरे दिन भी क्रमिन अनशन जारी रखा। दूसरे दिन अनुपम कुशवाहा, पवन गुप्ता, रामपाल सिंह चौहान, अखिलेश यादव, सतेंद्र सिंह, सर्वेश शाक्य, रामदास, प्रेम विलास यादव, हाकिम सिंह राजपूत, मनमोहन, महाराज सिंह राजपूत क्रमिक अनशन पर बैठे। एसोसिएशन के अध्यक्ष उपदेश यादव ने कहा मंडी में आढ़ती तथा व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। उनके साथ होने वाली घटनाओं को पुलिस गंभीरता से नहीं लेती है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस उसको ठंडे बस्ते में डाल देती है।
महामंत्री अनपुम कुशवाहा ने कहा पुलिस शीघ्र ही लूट का खुलासा करके आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजे। जब तक पुलिस लूट का खुलासा नहीं करती तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। दो दिन से चल रहे क्रमिक अनशन को पुलिस अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। नीटू राजपूत, रामवीर सिंह, आदित्य सकारिया, राजू यादव, ब्रजेश जैन, लक्ष्मी नरायन गुप्ता, सतीश राजपूत, केशव सिंह, अहिवरन सिंह राजपूत, धनीराम यादव, शिवराज सिंह, सोबरन सिंह, गोविंद गुप्ता, रंजीत सक्सेना, सुमंत राजपूत मौजूद रहे।