कासगंज। शहर के मोहल्ला चौक पटियाली में रविवार रात कत्ल की वारदात में जेल से छूटकर आए हरिश्चंद्र (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह घर के पास था तभी उस पर फायर किए गए। परिजन उठाकर अस्पताल ले गए लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। कातिलों की तलाश हो रही है।
मोहल्ला चौक पटियाली निवासी रामप्रकाश का पुत्र हरिश्चंद्र रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर के पास खड़ा था तभी उस पर गोलियां बरसाई गईं। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक हमलावर हरिश्चंद्र को गोलियां मारकर भाग निकले थे। पता चला तो उसके परिवार के लोग रोते-चीखते वहां आ गए। खबर पाकर पुलिस भी वहां पहुंच गई।
हरिश्चंद्र को फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया मगर उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लोग वहां रोने-बिलखने लगे। भीड़ लगने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाऊस में रखवा दिया। इसके बाद परिजनों को समझा-बुझाकर घर भेजा गया। मोहल्ले में तनाव को देखते हुए वहां भी पुलिस मुस्तैद कर दी गई।
एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले साल 27 जुलाई को जुए के विवाद में दो गुटों के बीच फायरिंग में रवि और देवराज मारे गए थे। हरिश्चंद्र को रवि के कत्ल में नामजद किया गया था। वह हफ्ते भर पहले जमानत पर जेल से रिहा होकर घर आया था। अभी यही माना जा रहा है कि पुरानी दुश्मनी में ही उसका कत्ल किया गया है।