फिरोजाबाद। नगला भाऊ स्थित औद्योगिक आस्थान में बिना सहमति के चल रही केमिकल फैक्ट्री में धमाका हुए पांच दिन गुजर गए, लेकिन अभीतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उद्योग विभाग ने जहां मामले से नजरें फेर लीं हैं, वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कागजी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
टीटीजेड में पर्यावरण संरक्षण के लिए कांच उद्योग पर तमाम बंदिशें लगीं हैं, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मिलीभगत से जिले में तमाम प्रदूषणकारी इकाइयां चल रहीं हैं। शिकोहाबाद में अवैध रूप से केमिकल फैक्ट्री के संचालन का मामला सामने आया था। नगला भाऊ औद्योगिक आस्थान में बिना सहमति के केमिकल फैक्ट्री का संचालन हो रहा था।
28 फरवरी की रात करीब दो बजे जेपी केमिकल फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट होने से पूरा औद्योगिक क्षेत्र दहला था। धमाका इतनी तेज था कि फैक्ट्री में टिनशेड के परखच्चे उड़ने के साथ विस्फोट का मलवा काफी दूर तक गिरा था। आसपास के कारखानों की दीवारों में दरारें पड़ गई थीं। फैक्ट्री स्वामी ने विस्फोट दबाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी के निरीक्षण में पोल खुल गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण विस्फोट की घटना को पांच दिन गुजरने के बाद भी उद्योग विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसर चुप्पी साधे बैठे हैं। केमिकल फैक्ट्री के खिलाफ ठोस कार्रवाई के बजाए कागजी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।