कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद का इंटर अंग्रेजी का द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर आउट हो गया। अमांपुर के एक परीक्षा केंद्र के बाहर सचल दल को दो मोबाइल में हल प्रश्न पत्र मिला। इसके बाद थाने में मामला दर्ज कराकर परिषद को सूचना भेज दी गई।
प्रश्न-पत्र को हल करने के बाद व्हाट्स एप के जरिए वायरल कर दिया गया। ताकि परीक्षा केंद्रों पर नकल कराई जा सके। जब डीसी आरके भारती का सचल दल रानामऊ के परीक्षा केंद्र पर पहुंचा तो वहां भीड़ मौके से भाग गई। इस बीच दो मोबाइल वहीं पर गिर गए। मोबाइल को चेक किया तो उसमें अग्रेजी का हल प्रश्न पत्र मिला। इस मामले में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
इस संबंध में परिषद को अवगत करा दिया है। परीक्षा निरस्त करने का निर्णय भी वहीं से लिया जाएगा। मोबाइल किसके हैं और पेपर कहां से आउट हुआ इसकी भी जांच कराई जा रही है।
- आरएएस राजपूत, जिला विद्यालय निरीक्षक