मथुरा। महावन के गोशाला तिराहे के समीप बुधवार सुबह कार सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर लूट लिया। ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट भी की। चालक ट्रैक्टर को राजस्थान के अलवर से फिरोजाबाद के गांव रामनगर लेकर जा रहा था। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
फिरोजाबाद के गांव रामनगर निवासी किसान महावीर सिंह पुत्र श्यामलाल बुधवार को राजस्थान से ट्रैक्टर में बोरिंग की मशीन लादकर आ रहे थे। महावीर ही ट्रैक्टर चला रहे थे। दूसरे ट्रैक्टर पर आगे उसके साथी भी चल रहे थे। महावन के गोशाला तिराहे के समीप कार सवार तीन बदमाशों ने महावीर के ट्रैक्टर को रुकवा लिया। मारपीट करते हुए कार सवार ट्रैक्टर लूटकर ले गए। सूचना पर पहुंची महावन पुलिस ने जानकारी जुटाई।
कार सवार बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। ट्रैक्टर चालक बार-बार अपने बयान बदल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच के बाद हकीकत से पर्दा हट सकेगा।