एटा। अगर आपने अब तक अपने परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड जमा नहीं किया है, तो 25 फरवरी के बाद आपको राशन नहीं मिलेगा। लाभार्थियों का आधार फीड कराने को लेकर जिला पूर्ति विभाग सक्रिय है। विभाग ने कार्य में तेजी लाने की लिए आधार कार्ड जमा करने की तारीख तय कर दी है। इसके साथ ही आधार के संकलन में लगाए कर्मचारियों की रिपोर्ट भी मांगी जा रही है।
जिले में केंद्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत हर पात्र परिवार के लाभार्थियों के आधार कार्डों की फीडिंग आनलाइन की जा रही है। इसके लिए पूर्ति विभाग ने पहले चरण मेें 10 लाख लाभार्थियों के आधार कार्ड फीड करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत दो लाख लाभार्थियों के आधार फीड किए जा चुके हैं लेकिन आठ लाख लाभार्थियों के आधार कार्ड जुटाने में विभाग को मुश्किलाें का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि विभाग द्वारा संकलन में लगाए गए कर्मचारी और डीलर काम में रुझान नहीं दिखा रहे हैं।
ऐसे में विभाग ने 25 फरवरी तक की तिथि तय कर दी है। तिथि तक आने वाले आधार कार्ड के लाभार्थियों को अब राशन दिया जाएगा। इसे लेकर विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। डीएसओ उमेश मिश्रा ने बताया कि सभी डीलरों और कार्ड संकलन में लगे कर्मचारियों से प्रतिदिन रिपोर्ट ली जा रही है। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आधार कार्ड जमा करने वाले लाभार्थियों को 25 फरवरी के बाद राशन दिया जाएगा। लाभार्थी अपने परिवार के सदस्यों और यूनिटों के आधार कार्ड की प्रति डीलर और जिला कार्यालय पर जमा कर दें।
-------------
कहते हैं आंकड़े
260079 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड
1247411 पात्र गृहस्थी लाभार्थी
27159 अंत्योदय राशन कार्ड
118509 अंत्योदय राशन लाभार्थी
287238 कुल राशन कार्ड धारक
1365920 कुल राशन लाभार्थी