मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा में बिजली व्यवस्था के लिए विभाग ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा के दौरान बिजली जाने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा छह फरवरी से शुरू होने जा रही है। परीक्षाओं को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस जीएस राजपूत ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र पर जनरेटर अथवा इनवर्टर की व्यवस्था अनिवार्य है। बिजली जाने पर किसी भी कीमत में सीसीटीवी कैमरे बंद नहीं होने चाहिए।
परीक्षा शुरू होने के एक घंटे के अंदर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित छात्र-छात्राओं का विवरण परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन कराना होगा। इसके लिए परीक्षा केंद्र बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है। डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था सभी केंद्र व्यवस्थापक करना सुनिश्चित करें।
कैमरे बंद हुए तो प्रधानाचार्य और प्रबंधक पर होगी कार्रवाई
डीआईओएस जीएस राजपूत ने सभी केंद्रों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रश्न पत्र के दौरान किसी भी कीमत पर सीसीटीवी कैमरे बंद नहीं होने चाहिए। यदि कैमरे बंद होते हैं तो प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
21 तक कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र उपलब्ध कराएं
डीआईओएस जीएस राजपूत ने जनपद के सभी कालेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि 21 जनवरी तक कक्ष निरीक्षकों के लिए परिचय पत्र जमा कराना सुनिश्चित करें अन्यथा की स्थिति में संबंधित कालेज के प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।