मथुरा। जिला अस्पताल के बाद प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को सीएमओ आफिस स्थित सीएमडी स्टोर पर छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान यहां से चार दवाओं के नमूने लिए गए हैं। इसमें एंटीबायोटिक और डायबिटीज की दवाएं शामिल हैं।
प्रशासनिक निर्देश पर जिला औषधि निरीक्षक दीपक कुमार ने गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी आफिस स्थित दवाओं के सीएमडी स्टोर पर छापामार कार्रवाई की। यहां एसीएमओ डा.सज्जन कुमार की मौजूदगी में दवाओं के नमूने एकत्रित एकत्रित किए गए। इसमें तीन नमूने एंटीबायोटिक की दवाएं थीं, जबकि एक नमूना डायबिटीज की दवा का संकलित किया गया है।
इन सभी नमूनों को जिला औषधि निरीक्षक दीपक कुमार ने जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला में भेज दिया है। मंगलवार को ही जिला अस्पताल के दवा स्टोर पर भी इस तरह की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान विभिन्न दवाओं के सात नमूने लिए गए थे, जिन्हें जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला भेजा जा चुका है। सरकारी दवाओं के नमूने लिए जाने की इस कार्रवाई से प्राइवेट वितरकाें में खलबली मची है।