राया (मथुरा) पुलिस बल के साथ बकाएदारों के कनेक्शन काटने गई विद्युत निगम की टीम को देख लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के चलते टीम बिना कनेक्शन काटे वापस लौट गई। लोगों ने टीम के साथ धक्कामुक्की भी की।
एसडीओ देवी सिंह के नेतृत्व में निगम के कर्मचारियों की टीम ने बकायादारों से शुक्रवार को वसूली के लिए अभियान चलाया। टीम ने मोहल्ला सुल्तानगंज, नई दिल्ली में चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया, जैसे ही टीम व्यापारी मोहल्ला में पहुंची और यहां बकाएदारों के कनेक्शन काटना शुरू किया, तभी मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायती पत्र दे चुके हैं, उसके बाद भी बिजली के बिल नहीं आ रहे हैं।
वे रुपये किस हिसाब से जमा कराएं, इसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठी-डंडा फटकार कर मामला शांत करने का प्रयास किया, लेकिन मामला और बढ़ गया, बाद में कस्बा इंचार्ज ने लोगों से माफी मांग कर मामला शांत किया। हंगामे के कारण टीम को लौटना पड़ा।
एसडीओ देवी सिंह ने बताया कि बकाया जमा न करने के कारण 50 से अधिक कनेक्शन काट दिए हैं। उपभोक्ताओं पर लाखों रुपये बकाया हैं। अवर अभियंता सतेंद्र कुमार, कृष्णवीर सिंह, अभिषेक ओझा, शैलेस सिंह, रनवीर सिंह, जितेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे। निगम के किसी अधिकारी ने देर शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी थी।