मैनपुरी। क्रिसमस पर्व को लेकर नगर के सेंटेनियल चर्च में रविवार की रात 11 बजे से ही कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया था। पादरी सुनील कुमार ने रात 11 बजे चर्च में आराधना कराई।
सेंटेनियल चर्च में आया है यीशु आया है गीत प्रस्तुत किए, आशीष सिंह ने प्रवचन दिए। उन्होंने प्रभु यीशु के जन्म और उनके द्वारा किए कार्यों पर प्रकाश डाला। सोमवार सुबह 10 बजे चर्च में विशेष आराधना सभा का आयोजन किया गया। गुनहगारों को देने सहारा आदि गीतों की वंदना हुई, बाइबिल का पाठ पढ़ाया। इसके बाद क्रिसमस पर्व की शुभकामनाओं को दौर शुरू हुआ। सबसे पहले सभी लोग चर्च में एकत्रित हुए। यहां एक दूसरे को बधाइयां दी गईं।
इसके बाद ईसाई समाज के लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर क्रिसमस की बधाईयां दीं। हिन्दू, मुस्लिम व सिख समाज के लोगों ने भी ईसाई समाज के लोगों के घरों पर पहुंचकर बधाइयां दीं। केक काटकर प्रभु यीशु का जन्म दिवस मनाया। इस अवसर पर रमेश चंद्रा, डीजे सिंह, मसीह परिवार, पीटर परिवार, दास परिवार, मल्ल परिवार, रजिंदर सिंह, राजन, मार्शल, अंजलि, नरेश, दीपांशु आदि मौजूद रहे।