मैनपुरी। जिले के सभी वित्तविहीन कॉलेजों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों का डाटा ऑनलाइन किया जाएगा। यह निदेशक डॉ. अवधनरेश शर्मा ने दिए। इस संबंध में निदेशक ने डीआईओएस को एक पत्र भेजा है।
डीआईओएस को पत्र भेजा वित्तविहीन मान्यता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ 11 दिसंबर को उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के साथ वार्ता की गई थी। इसके बाद निर्देश मिले कि वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों का डाटा माध्यमिक शिक्षा परिषद के वेबसाइट पर अपलोड किया जाए।
अपलोड डाटा को आधार कार्ड से भी जोड़ा जाए। निदेशक ने डीआईओएस को भेजे पत्र में निर्देश दिए हैं कि वे वित्तविहीन कालेजों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों का डाटा एक सप्ताह में अपलोड करें।
सपा सरकार में वित्तविहीन कालेजों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को मानदेय दिए जाने की व्यवस्था की गई थी। भाजपा सरकार बनने के बाद इसे बंद कर दिया गया था। अब वित्तविहीन संगठनों के प्रयास से लग रहा है कि फिर से शिक्षकों को मानदेय दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।