मथुरा। अरुण की हत्या गला घोंटकर की गई है। पहले उसका गला घोंटा गया और फिर आत्महत्या दर्शाने के लिए पेड़ पर लटका दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। माना जा रहा है कि गले में बंधी अंडरवियर की पट्टी से ही गला घोंटा गया है।
कोतवाली के धौलीप्याऊ में शांतिदेवी स्कूल में बिरजो परिवार के साथ रह रहा है। गुरुवार को उसके 16 वर्षीय पुत्र अरुण का शव छावनी इलाके में सड़क किनारे जंगल में पापड़ी के पेड़ पर लटका मिला था। शौच को गए स्थानीय लोगों की सूचना पर हाईवे और कोतवाली पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो किशोर की हत्या गला घोंटकर की गई है।
गला घोंटने में अंडरवियर की पट्टी का इस्तेमाल किया गया है। शरीर पर कहीं भी चोटों के निशान नहीं मिले हैं। उसके पेट में खाना भी पाया गया है। शुरुआत से मृतक का भाई आकाश हत्या होने का आरोप लगा रहा था। कोतवाली के एसएसआई मदन सिंह का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर आते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।