कोतवाली गांव गढिय़ां में कढ़ाई में गिरे बच्चे को बचाने के चक्कर में झुलसी महिला
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया में सोमवार दोपहर पांच वर्षीय बालक खेलते समय बना कर रखी गई गरम सब्जी के भगौने में गिर गया। उसे बचाने की कोशिश में दादी के हाथ भी जल गए। आनन-फानन में बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे सैफई तथा बाद में दिल्ली के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी राजनश्री के पुत्र रवि की शादी होने वाली है। सोमवार को घर में तेल चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। सभी परिवारीजन व रिश्तेदार रस्मों में व्यस्त थे। तभी राजनश्री की बहन का पांच वर्षीय नाती आरव खेलता हुआ बरामदे में रखे खाने के भगौने के पास पहुंच गया। भगौने में कुछ ही देर पहले सब्जी बना कर रखी गई थी। किसी के भी आसपास न होने के चलते आरव खेलते खेलते अचानक सब्जी के भगौने के पास पहुंच गया।
वहां खडे़ होने के बाद जैसे ही वह पीछे मुड़ा तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पीठ के बल खौल रही सब्जी के भगौने में जा गिरा। आरव को भगौने में गिरता देख तुरंत ही राजनश्री ने खौलती सब्जी में हाथ डालकर बालक को बाहर निकाल दिया। बच्चे बुरी तरह से झुलस गया था वहीं महिला के हाथ भी जल गए। आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिवारीजन सैफई ले गए। वहां भी हालात में सुधार न होता देख बच्चे को परिवारीजन उपचार के लिए दिल्ली ले गए। घटना के बाद से घर में खुशी का माहौल सन्नाटे में तब्दील हो गया है। वहीं परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।