मथुरा। बेसिक शिक्षा विभाग अर्द्ध वार्षिक परीक्षा शुरू होने से पहले ही फेल हो गया। पेपर की सप्लाई न आने के चलते शुक्रवार को आयोजित हिंदी की पहली परीक्षा को ही स्थगित करने का निर्णय लिया गया। अब ये पेपर सात नवंबर को होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने जो परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है उसमें 27 अक्तूबर से परीक्षा शुरू होनी थी। लेकिन आधी अधूरी तैयारियों के साथ इस आयोजन का परिणाम ये रहा कि गुरुवार देर सायं तक विद्यालयों में पेपर ही सप्लाई नहीं हो सकी। इसके चलते विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पेपर सप्लाई करने वाले से संपर्क साधा गया। देर सायं तक सप्लाई करने वाली फर्म ने भी हाथ खड़े कर दिए। ऐसे में विभागीय अधिकारियों ने देर रात परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय ले लिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया पेपर की सप्लाई विद्यालयों तक नहीं हो सकी है इसके चलते परीक्षा स्थगित कर दी है। सप्लायर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परीक्षा समिति निर्णय लेगी।