सहावर। तीन दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव नहर से बरामद हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है। वहीं पुलिस ने बताया कि उसे आशंका है कि युवक की मौत नहर में डूबने से ही हुई है।
बता दें, बसी अहमद (25) पुत्र असगर हुसैन निवासी मोहल्ला झंडापीर गुरवार को घर से किसी कार्य की कहकर गया था। इसके बाद वह रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिवारीजनों को उसकी चिंता हुई। उसकी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई।
शनिवार को हसनपुर के निकट नहर पुल में फंसी एक युवक की लाश देखी तो सनसनी फैल गई। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव की शनाख्त हो जाने पर परिवारीजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुँचे। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि युवक की मौत नहर में डूबने से लग रही है। युवक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही स्थिति सामने आ सकेगी। इसके बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।