हजारा नहर में गिर जाने से दो युवक डूब गए। इनमें से एक को बचा लिया गया, लेकिन दूसरे का अभी तक कोई पता नहीं चला है। युवक के न मिलने से परिवारीजन चिंतित हैं।
शिवम वर्मा (24) पुत्र राजीव वर्मा निवासी सहावर गेट एवं विजय साहू (22) पुत्र अनोखे लाल निवासी सहावर गेट हजारा नहर की पट्टी पर बैठकर वियर पी रहे थे। उन्होंने अपनी पीठ नहर की ओर कर रखी थी। दोनों पास पास ही बैठे हुए थे। अचानक संतुलन बिगड़ जाने से दोनों ही नहर में जा गिरे। शिवम नहर में डूबकर लापता हो गया, जबकि विजय के हाथ में नहर किनारे की झाड़ियां आ गईं। जिसे उसने पकड़ लिया। उसने राह चलती महिला को देखकर मदद के लिए पुकार मचा दी। उसकी आवाज सुनकर महिलाओं ने दुपट्टा फेंक कर उसे बाहर निकाल लिया। चीखपुकार सुनकर ततारपुर कॉलोनी के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। कुछ साहसी युवक नहर में कूद गए जिससे शिवम की तलाश की जा सके। इस बीच मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एसडीएम देवेंद्र प्रताप, सीओ शैलेंद्र लाल एवं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की सूचना युवकों के परिवारीजनों को दी। परिवारीजन भी वहां पर आ गए। वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि लापता युवक की तलाश कराई जा रही है।