दिलीप अपहरण और हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया है। वहीं आधा दर्जन अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं दिलीप के घर शव पहुंचने के बाद कोहराम मच गया। शुक्रवार देर रात्रि पोस्टमार्टम के बाद दिलीप के क्षत विक्षत शव का अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि मोहल्ला कटरा निवासी सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अभियंता कुंवरपाल के 16 वर्षीय पुत्र दिलीप का उनके किराएदार और उसके साथियों ने 14 जून को अपहरण कर लिया था। इसके बाद अगले दिन उसकी हत्या कर दी गई। मामले का खुलासा पुलिस ने सर्विलांस के सहयोग से आरोपी तनुज, प्रवीन ठाकुर एवं विकास शर्मा को गिरफ्तार कर किया। उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में पुलिस ने आधा दर्जन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अपहरण और हत्या के मामले में अन्य नाम प्रकाश में आ रहे हैं। पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। वहीं फरार आरोपी सोनू यादव की तलाश में भी पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। हालांकि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।
इधर, दिलीप का क्षत विक्षत शव शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद एटा से सोरों पहुंचा। शव पहुंचते ही दिलीप के घर कोहराम और चीत्कार तेज हो गया। चीत्कार और विलाप के बीच दिलीप के क्षत विक्षत शव का अंतिम संस्कार किया गया। दिलीप के बड़े भाई मनोज ने शव को मुखाग्नि दी।