आगरा। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में बीएड सत्र 2017-19 की काउंसलिंग कराने के लिए पहुंच रहे कई अभ्यर्थी ठगी का शिकार हो रहे हैं। कालेजों के प्रतिनिधि उनकी डिटेल लेकर कालेज का विकल्प भर दे रहे हैं। मोबाइल पर च्वाइस लॉक होने का मेसेज पहुंचने पर अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं। शनिवार को कई अभ्यर्थियाें ने शिकायत दर्ज कराई।
विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित आईबीएस में बीएड की काउंसलिंग चल रही है। परिसर के बाहर कई कालेजों ने स्टाल लगा रहे हैं। वहीं कुछ के प्रतिनिधि घूमते रहते हैं। वह काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियाें से जरूरी डिटेल प्राप्त कर ले रहे हैं। जैसे ही अभ्यर्थी पंजीकरण कराकर बाहर निकलता है, उसकी डेट डालकर ओटीपी मंगाने के साथ अपना ही कॉलेज लॉक कर दे रहे हैं। सूत्रों की माने तो कई कालेज अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में लगने वाली 5500 रुपये की डीडी भी उपलब्ध करा रहे हैं।
बीएड काउंसलिंग के समन्वयक डा. संजीव कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि वह काउंसलिंग केंद्र के अलावा किसी को कोई जानकारी नहीं दें। शनिवार को एक अभ्यर्थी ने बताया कि विश्वविद्यालय के गेट के पास दो लोग कुर्सी पर बैठे थे, अभ्यर्थी से पूछा कि वह काउंसलिंग कराने जा रही है और जानकारी नोट कर ली।
इन्हाेंने दर्ज कराई शिकायत
- उत्कर्ष मिश्रा (रोल नंबर - 42833325) ने केंद्र पर शिकायत की उन्होंने 16 जून को काउंसलिंग कराई थी। दोपहर 1:22 बजे ओटीपी प्राप्त हुआ, 01:27 बजे कालेज लॉक होने का मेसेज प्राप्त हो गया। ऐसा ही इल्मा फातिमा के साथ भी हुआ है।
- भूतपूर्व वायु सैनिक पवन कुमार ने बताया कि उन्हाेंने 12 जून को काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की। 15 जून को उनके मोबाइल नंबर पर पर दो मेसेज आए। एक ओटीपी का और दूसरे कालेज लॉक होने का मेसेज था। ए-045 कोड का कालेज एलाट हुआ है। उन्हाेंने अपनी पसंद के कालेज को लॉक करने का मौका मांगा है।
568 ने कराया पंजीकरण
आगरा। शनिवार को केंद्र ए-वन पर 300, ए-टू पर 295 और ए-थ्री पर 273 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। तीनाें केंद्रों पर कुल 568 अभ्यर्थियाें ने पंजीकरण कराया।