आगरा। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की आगरा शाखा की ओर से टी-20 सीआईआरसी क्रिकेट टूर्नामेंट का 16वें संस्करण का आयोजन 18 से 21 दिसंबर के बीच होगा। इसमें सात राज्यों के करीब 400 पेशेवर सीए शहर के छह मैदानों पर चौके-छक्के लगाएंगे। मंगलवार को संजय प्लेस स्थित सीए भवन पर आयोजन समिति के अभिषेक अग्रवाल और कृष्णा मित्तल ने टूर्नामेंट के पोस्टर का विमोचन करते हुए यह जानकारी दी।
अध्यक्ष सीए गौरव सिंघल ने बताया कि टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में पहले तीन दिन तक हर दिन लगभग 12 लीग मैच होंगे और अंतिम दिन दो क्वार्टर फाइनल, दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। सचिव सीए अंकित मित्तल ने बताया कि 17 दिसंबर को सभी टीमें फतेहाबाद रोड स्थित क्लार्क शिराज होटल में पहुंच जाएंगी। टूर्नामेंट में अवंतीबाई ग्राउंड, सूरजभान मैदान रोहता, ड्रीम क्रिकेट अकादमी, जेबी ग्राउंड, सेंट जोंस मैदान और कैप्टन अनेक सिंह स्टेडियम में कुल 41 मैच खेले जाने है। 21 दिसंबर को फाइनल मैच दिन रात का होगा जो कैप्टन अनेक सिंह स्टेडियम में खेला जायेगा। इस दौरान सौरभ नारायण सक्सेना, करन पंजवानी, आयुष गोयल, साक्षी जैन, विपुल बंसल, सौरभ शुक्ला, रजत गोयल, शैशव शर्मा आदि मौजूद रहे।