भोगांव। कुरावली रोड पर खेत के ऊपर से निकली एचटी लाइन की चिंगारी से 40 बीघा गेहूं की फसल जल गई। फायर बिग्रेड की टीम ने ग्रामीणों के साथ एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोमवार की दोपहर दो बजे नगला पाठ मौजा महावतपुर में एचटी लाइन से निकली चिंगारी से 40 बीघा जमीन में पककर तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना पर गांव वालों के साथ फायर बिग्रेड टीम ने कड़ी मशकत के बाद आसपास की गेहूं की फसल को जलने से बचा लिया। लेखपाल हरवेश कुमार ने बताया कि आग से भोगांव के मोहल्ला मिश्राना निवासी वीरेंद्र तिवारी की लगभग 25 बीघा, सतीश की तीन बीघा, राकेश, दिनेश, मुकेश की दो दो बीघा, रामऔतार, आमोद, अरविंद, राजेश सिंह, श्याम कुमार की एक-एक बीघा की फसल जलकर राख हो गई। तहसीलदार आनंद कुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद किसानों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
किशनी। रामनगर के ग्राम सभापुर में आग लगने से नुकसान हुआ है। सभापुर में सोमवार की दोपहर दो बजे श्रीकृष्ण प्रजापति की झोपड़ी में आग लगने से आलू, धान, सरसों सहित कपड़े जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग बुझाई। श्रीकृष्ण का 50 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने मुआवजा दिलाने की मांग की है।