घिरोर, मैनपुरी । कस्बा के मोहल्ला खेड़ा निवासी पूर्व सभासद के परिवार में छह दिन के अंदर चार लोगों की मौत से कस्बा के लोग हैरान हैं। दो लोगों की मौत हृदयाघात से हुई तो दो लोगों को कोरोना संदिग्ध माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज सैफई में मरने वाले दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार तो कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कराया है, लेकिन कोरोना संक्रमण से मौत से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इनकार कर रहे हैं।
पूर्व सभासद मनोज जैन के परिवार में 13 अप्रैल को उनकी बहन शशि देवी (53) की हृदयाघात से मौत हो गई। 16 अप्रैल को मां पुष्पा देवी (75) की भी हृदयाघात से मौत हो गई। इसी दौरान मनोज जैन (45) पूर्व सभासद और उनके भाई राजेश जैन (49) भी बीमार पड़ गए। शनिवार को मनोज जैन को मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। शनिवार को मनोज का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कराया गया। शनिवार की रात ही मनोज के भाई राजेश जैन को भी गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया। यहां देर रात उनकी मौत हो गई। रविवार को राजेश जैन का अंतिम संस्कार भी कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कराया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग उनकी मौत कोरोना संक्रमण से नहीं मान रहा है।
----
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के संबंध में क्षेत्रीय चिकित्साधिकारी से जानकारी मांगी गई है। कोरोना से मौत जैसी कोई बात नहीं है।
- डॉ. एके पांडेय, सीएमओ