कासगंज के जिला अस्पताल में भर्ती सर्पदंश का शिकार युवक का उपचार करतीं स्वाथ्य कर्मी ।
- फोटो : कासगंज के जिला अस्पताल में भर्ती सर्पदंश का शिकार युवक का उपचार करतीं स्वाथ्य कर्मी ।
कासगंज। जिले में बारिश के बाद अलग-अलग स्थानों पर सर्प दंश के मामले बढ़े हैं। 30 जून से 6 जुलाई तक 39 लोग सर्पदंश के शिकार हुए हैं। रविवार को महिला और बालक सहित छह लोगों को सांप ने डसा। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरसात के बाद गर्मी और उमस के कारण सांप बिलों से बाहर निकल आते हैं। बिलों से निकलकर सांप बुर्जी, विटौरे, खेत, मार्ग और मकानों में घुस जाते हैं। सांप गर्मी से परेशान होकर और असुरक्षा के कारण आसपास मौजूद लोगों को डस लेते हैं। 30 जून से 6 जुलाई तक 39 लोग सर्पदंश के शिकार हुए। शनिवार की रात चारपाई पर सो रहे गंजडुंडवारा के गांव उलाई खेड़ा निवासी विनोद (19) को सांप ने अंगुली में डस लिया। सहावर के गांव नागर कंचनपुर निवासी जाहिरा (55) पत्नी मुशीर बिटोरे से उपले निकाल रही थी। सांप ने उनके हाथ में डस लिया। जनपद अलीगढ़ थाना दादों के गांव निवासी वीकेश (16) पुत्र संजय कुमार धान की रोपाई के लिए पौध लेकर जा रहा था। सांप ने उसके पैर में डस लिया। सोरोंजी के गांव पचलाना निवासी वंश (11) पुत्र अजय कुमार, राधा (16) पुत्री मुन्नालाल निवासी फरीद नगर सोरोंजी, नरेंद्र (25) पुत्र प्रताप सर्पदंश का शिकार हुए। हालत बिगड़ने पर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार जारी है।
सर्पदंश का शिकार हुए लोग 30 जून से 6 जुलाई तक:
-30 जून को -5,
-1 जुलाई को -2
-2 जुलाई को -2
-3जुलाई को - 5
-4 जुलाई को- 13
-5 जुलाई को -6
-6जुलाई को -6
जिला अस्पताल पर सर्प दंश के इलाज की व्यवस्था है। सांप के डसने पर समय पर पीड़ित को अस्पताल लेकर पहुंचें। वायगीर के फेर में न पड़ें। इससे उसकी जान बचाई जा सके। -डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस जिला अस्पताल कासगंज