कासगंज। जुआ सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष टीम लगाकर एसपी ने मुखबिर की सूचना पर ढोलना क्षेत्र के गांव नगला रज्जी में छापामारी कराई। यहां बड़े स्तर पर जुआ हो रहा था। घेराबंदी कर पुलिस ने 36 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 1,14,260 रुपये की नकदी, मोबाइल, बाइकें, अवैध गांजा, तमंचे, कारतूस और ताश पत्ते बरामद किए गए हैं।
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि जिले में जुआ सट्टा हो रहा है। इसकी रोकथाम के लिए पुलिस सहावर सीओ अजीत चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया और निर्देश दिए कि पूरे जिले में कहीं भी जुआ सट्टा नहीं होना चाहिए। विशेष टीम को जानकारी मिली कि ढोलना थाना क्षेत्र के गांव नगला रज्जी में कीर्तिराम के घर में जुए का फड़ लगा है। टीम में ढोलना और कासगंज पुलिस भी शामिल की गई। घेराबंदी कर पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर छापा मारा। यहां से 36 जुआरी गिरफ्तार कर लिए। मौके से 114260 रुपये के अलावा 19 मोबाइल, 22 बाइकें, 6 ताश की गड्डी, 1 किलोग्राम अवैध गांजा, 4 तमंचे, 6 कारतूस बरामद किए हैं।
यह किए गए गिरफ्तार
कासगंज। सोनू, जुगेंद्र, अमरपाल, रवेंद्र, छोटे, हेम सिंह, रहीस, बबलू, नीरज, राजकुमार, अशोक, पूरन सिंह, डोरी लाल, प्रेमपाल, कमल सिंह, देवेंद्र, मोती सिंह, ओमप्रकाश, महेंद्र, उमेश, नरेश, राजवीर, जितेंद्र, सत्यवीर, लक्ष्मण, जकील, नईम, ताराचंद, गौतम, प्रमोद, रामकिशन, आशाराम, रघुवीर, धरमसिंह, देव सिंह, कीर्तिराम गिरफ्तार किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए जुआरियों में से सोनू, जुगेंद्र, अमरपाल, रवेंद्र के कब्जे से एक-एक तमंचा और 250-250 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। - रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी।