भरगैन (कासगंज)। कस्बा में रहस्यमय तरीके से 35 पशुओं की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों में दहशत है। पशुपालन विभाग की टीम ने कस्बे में पहुंचकर बीमार मिले 12 पशुओं का इलाज किया है। कस्बे के लोगों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है।
कस्बा में पशुओं में अचानक रहस्यमयी बीमारी फैल गई है। पशुओं को अचानक बुखार आता है जब तक पशुपालक कुछ समझ पाते हैं, पशु की मौत हो जाती है। एक एक कर दो दिन में 35 पशुओं की मौत हो जाने के बाद पशुपालकों की चिंताएं बढ़ गई है। मुहल्ला अहमद में शाहिद अली, मोहिद आलम, सैबुल हसन, राजवती दिवाकर, मास्टर बाहर आलम, तबस्सुम बेगम, इकबाल नबी, कफील उर्फ भूरा, सिपते नबी, मुशीर अहमद, छोटी बेगम की भैंस व पड़िया मर गई। वहीं मोहल्ला भीकम में मुकीम की बकरियां मर गई। जब पशुपालन विभाग को पशुओं में रोग फैलने की सूचना मिली तो विभाग ने टीम भेजकर बीमार मिले पशुओं का इलाज कराया।
कस्बे में दो दिन में अचानक 35 पशुओं की मौत हो गई। पशुओं की मौत की शिकायत जिलाधिकारी से की गई। डीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया है। - रिहान खान, समाज सेवी
भैंस को शाम को अचानक कंपकंपी के साथ बुखार आया। उसका इलाज भी कराया गया। सुबह देखा तो भैंस मृत मिली। - रामवती दिवाकर पशुपालक
उनकी भैंस आठ माह की गर्भवती थी। भैंस को अचानक बुखार आया। सुबह के समय भैंस मृत मिली। एक पशु और बीमार है। - छोटी बेगम, पशुपालक
भरगैन में टीम को भेजा गया है। 22 पशुुुओं में खुरपका, मुंहपका रोग पाया गया। इन पशुओं का इलाज कर दिया गया है। वह मंगलवार को स्वयं जाकर मामले की जांच करेंगे। जो पशु मरे हैं उनके संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके कारण पशुओं की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, एके सागर, प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी