एटा। लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतदाता सूचियों से वोटरों के नाम काटे जाने पर आक्रोश जताया गया। जिन मतदाताओं के नाम सूची से गायब थे, उन्होंने मतदान केन्द्र पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट से भी शिकायत की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने के बाद मतदाताओं ने कंट्रोल रूम तक दौड़ लगाई।
शहर के लक्ष्मीबाई इंटर कालेज स्थित बूथ संख्या 56, 57 और 58 पर मतदाताओं की लाइनें लगी हुई थी। मतदाताओं के पास बीएलओ की ओर से पहुंचाई गई मतदाता पर्ची भी मौजूद थी लेकिन बूथ पर मौजूद मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम कटे पाए गए। मतदाताओं का आरोप था कि तीनों बूथों पर लगभग 200 से अधिक मतदाताओं के नाम सूचियों से गायब हैं। मतदाताओं ने मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट मुरारी लाल शर्मा से भी शिकायत की। सेक्टर मजिस्ट्रेट से काफी देर तक बहस होती रही कि अगर हमारा बूथ पर वोट नहीं था तो बीएलओ की ओर से मतदाता पर्ची कैसे पहुंच गई। इस पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने किसी भी तरह की मदद करने से इंकार कर दिया। इसके बाद मतदाता कलक्ट्रेट स्थित बनाए गए कंट्रोल रूम पहुंचे और मतदाता सूचियों से वोट काटने की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत करने वालों में शिव शंकर वार्ष्णेय, विशाल गुप्ता, उर्मिला वार्ष्णेय, शिवालिका सक्सेना, अशोक कुमार, मनोरमा, पंकज गुप्ता, हरीओम वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।