एटा। चुनावी रैलियों के मामले में जिले का इतिहास काफी पुराना रहा है। जिले में बड़े नेताओं द्वारा की गई रैलियों से रोचक किस्से जुड़े रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह हों या संजय गांधी सबने जिले की जनता को अपने भाषणों से संबोधित किया है। वहीं वर्तमान में मुलायम सिंह से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक जिले में रैली कर चुके हैं।
जिले में चुनावी रैलियों के लिए रामलीला मैदान और जीआईसी मैदान प्रमुख हैं। रामलीला मैदान की क्षमता जहां 80 हजार तो जीआईसी मैदान 50 हजार। पुराने राजनीतिक पंडितों की मानें तो इन दोनों मैदानों में कई कद्दावर नेताओं ने चुनावी रैलियां की है। वर्ष 1977 में रामलीला मैदान में संजय गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने रैली की थी। इस रैली को लेकर जनता में जबरदस्त विरोध देखने को मिला। रैली में लोगों ने नसबंदी और आपातकाल के विरोध में जूते-चप्पल फेंके। वर्ष 1979 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जिले में रोड शो किया, लेकिन फिर भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिली। इसके बाद 1980 में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने लोकदल के लिए रैली की जिसमें भीड़ तो ज्यादा रही, लेकिन पार्टी को जिले मेें सफलता नहीं मिली। इसके बाद वर्ष 1989 में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने रामलीला मैदान में रैली की थी, लेकिन भीड़ नहीं होने के चलते रैली फ्लॉप रही। रैली में महज 200-300 लोग ही पहुंचे। वहीं वर्ष 2009 में लोकसभा चुनाव की रैली में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह एक मंच पर नजर आए। वहीं लोकसभा चुनाव 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी समेत तमाम नेता रैली करने पहुंचे। इसके साथ ही साल 2016 में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रैली की। वहीं साल 2017 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने विस चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत एटा से ही की थी। इसके साथ ही गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलावा दो बार सीएम योगी आदित्यनाथ जिले में जनसभा कर चुके हैं।