आगरा में स्वाइन फ्लू के मरीजों की जांच के लिए प्राइवेट लैब अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं। मरीजों से जांच के लिए पांच से छह हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। प्राइवेट लैब स्वाइन फ्लू के मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी नहीं दे रहे। नोटिस के बाद भी विवरण न देने पर सीएमओ इन पर कार्रवाई के साथ शासन को भी रिपोर्ट भेजेंगे।
प्राइवेट लैब में अगर कोई मरीज जांच कराता है और उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि होती है तो उस मरीज का एक नमूना, जांच रिपोर्ट और मरीज की पूरी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी जानी चाहिए। इस पर स्वास्थ्य विभाग मरीज की मानीटरिंग करने के साथ ही वायरोलॉजी लैब में जांच कराती है। आगरा में 88 प्राइवेट पैथोलॉजी लैब हैं, लेकिन इनमें से एक भी लैब स्वाइन फ्लू के मरीजों की जानकारी नहीं दे रहा। यहां तक कि इनसे 5000 से 6000 रुपये जांच के वसूले जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई बार मरीजों की रिपोर्ट देने के लिए नोटिस दिए गए हैं, लेकिन निजी लैब संचालकों की ओर से जानकारी नहीं मिल रही। सीएमओ डॉ. मुकेश वत्स का कहना है कि प्राइवेट लैब संचालकों को पूर्व में नोटिस देकर स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने पर जानकारी देने के लिए कहा था, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा। इन लैब संचालकों की सूची बनाकर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।