फिरोजाबाद। जिले के ढाई सौ से अधिक परिषदीय स्कूलों के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन के तार गुजर रहे हैं। कई स्कूल परिसरों में ट्रांसफार्मर रखे हैं।
अवैध कटिया भी ग्रामीणों ने स्कूलों के ऊपर से डाल रखी हैं। विद्युत और शिक्षा विभाग के बीच खींचातान के चलते समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
पिछले दिनों टापा खुर्द में हुए हादसे से सबक लेते हुए शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों के ऊपर से विद्यालय से गुजर रहे तारों की रिपोर्ट प्रधानाध्यापकों से मांगी। रिपोर्ट के अनुसार 256 विद्यालय ऐसे हैं, जहां बिजली से जुड़ा खतरा बरकरार है।
शिक्षा विभाग ने विद्युत विभाग को यह रिपोर्ट भेज दी है। इसके बाद विद्युत विभाग ने तार हटाने में आने वाले खर्चे का प्रस्ताव बनाकर बजट देने के लिए शिक्षा विभाग को दे दिया।
जवाब में शिक्षा विभाग ने विद्युत विभाग को नोटिस जारी कर दिया कि कब से विद्यालय की जमीन का प्रयोग विद्युत विभाग द्वारा किया जा रहा है, ताकि विद्युत विभाग से किराया भी वसूला जा सके। यानि विद्युत विभाग और शिक्षा विभाग में खींचातान के चलते समस्या का समाधान होने के बजाय उलझता जा रहा है।